नई दिल्ली(राजेश शर्मा)- मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की जनता का आह्वान किया कि हम सबको देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए बड़े से बड़ा योगदान और बलिदान देने का संकल्प लेने की जरूरत है। तिरंगा यात्रा युवाओं में देशभक्ति की भावना,देश के प्रति सद्भावना, एकता और अखण्डता बनाये रखने का का जज्बा पैदा करती है।
तिरंगे की आन-बान-शान को बनाये रखते हुए समाज के हर व्यक्ति को राष्ट्रभक्ति के प्रति कृत संकल्प होने की जरूरत है,तभी हम राष्ट्र सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में और बेहतर ढंग से कामयाब होंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को करनाल में तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह वर्ष देश की आजादी का 70वां वर्ष और भारत छोड़ो आंदोलन का 75वां वर्ष है। आजादी के लिए संघर्ष करने वाले राष्ट्र नायकों के बलिदानों से जन-जन विशेषकर युवा पीढ़ी को परिचित करवाने के लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 9 अगस्त को देशभर में विभिन्न स्थानों पर समारोह आयोजित करने तथा तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सन 1857 की क्रांति से लेकर आजादी की अंतिम लड़ाई तक हरियाणा के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़चढ़ कर भाग लिया। भारत को अंग्रेजों से आज़ाद करवाने के लिए देश में समय-समय पर आन्दोलन चलाए गए। आजादी के आंदोलन में हर धर्म, हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। सीएम ने कहा कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्त करना ही हमारे शहीदों, क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों का उद्देश्य नहीं था।
उन्होंने एक ऐसे स्वतंत्र भारत का सपना संजोया था, जिसमें गरीबी, बेरोजग़ारी, भुखमरी, आर्थिक विषमता, क्षेत्रीय असन्तुलन, भ्रष्टाचार अशिक्षा व अभाव का कोई स्थान न हो। सभी भारतवासी सम्मान से खुशहाली का जीवन जियें और राष्ट्र की एकता एवं अखण्डता को कायम रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-प्रदेश में तिरंगा यात्रा के अन्तर्गत हजारों यात्राएं निकाली गई जिसमें लाखों लोगों ने भाग लिया। जनता में देशभक्ति की भावना कैसे उत्पन्न की जाए,इसी उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। हमारा देश कईं वर्षो तक मुगलों का गुलाम रहा,हमारे देश की आजादी की कहानी बहुत लम्बी है।
हमारे देश में ऐसे कवि भी हुए,जिन्होंने भक्ति भावना को आजादी से जोड़ा। शहीदे आजम भगत सिंह,राजगुरू,सुखदेव,मदन लाल ढिंगड़ा,चंद्र शेखर आजाद,शहीद उद्यम सिंह,सुभाष चंद्र बोस जैसे देशभक्तों ने अन्याय व अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई और अंग्रेजों को भगाने के लिए फांसी के फंदे को चूम लिया। उन्हीं शहीदों के बलिदान की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे है। हरियाणा प्रदेश देश में नम्बर वन है। यह राज्य देश की आबादी का 2 प्रतिशत है और आजादी में हरियाणा का योगदान 10 प्रतिशत है। हरियाणा प्रदेश का जवान अपने देश के लिए हमेशा मर मिटने के लिए तैयार रहता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अपने कौशल का विकास करके देश की उन्नति व प्रगति में मील का पत्थर साबित हो। इस मौके पर बीजेपी की नेता निरूपमा ने वंदे मातरम् गीत गाया तथा मंच का संचालन प्रदेश के महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने किया। कार्यक्रम में उदयपुर से आई जादुगर आंचल ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद अश्विनी चोपड़ा, प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल,खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव काम्बोज,मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह,नीलोखेड़ी के विधायक एवं बीजेपी के जिलाध्यक्ष भगवान दास कबीरपंथी,थानेसर के विधायक सुभाष सुधा,पूर्व केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री आईडी स्वामी,पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता,नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता,सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य राकेश नागपाल,करनाल संसदीय क्षेत्र की निगरानी कमेटी के संयोजक अशोक सुखीजा भी उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तिरंगा यात्रा को झंडी देकर रवाना किया तथा वे भी यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा सेक्टर-12 से शुरू होकर, सेक्टर-12 चौंक पर बनी मदन लाल ढिंगड़ा जी की मूर्ति पर माल्यापर्ण किया।