
जकार्ता/नई दिल्ली, 1 सितम्बर । भारत ने जकार्ता के पालेमबांग में आयोजित 18वें एशियाई खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य पदक समेत कुल 69 पदक जीत कर एशियाई खेलों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इतिहास बनाया है।
इससे पहले वर्ष 1951 एशियाई खेलों की मेजबानी करते हुए भारत ने 15 स्वर्ण, 16 रजत और 20 कांस्य पदक समेत कुल 51 पदक जीते थे, जो इन खेलों में पहले तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।
इससे पहले करीब आठ साल पहले ग्वाइंग्झू में भारत ने 14 स्वर्ण, 17 रजत और 34 कांस्य पदक समेत कुल 65 पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था, लेकिन इस बार पदकों के लिहाज से भारत ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने 18वें एशियाई खेल प्रतियोगिता के अंतिम दिन शनिवार को मुक्केबाजी में अमित पंघल और ब्रिज पेयर के स्वर्ण पदक, महिला स्क्वैश टीम के रजत और पुरुष हॉकी टीम के कांस्य पदक के साथ ही एशियाई खेलों के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर डाला।
--विद्या नन्द मिश्रा